बिग ब्रेकिंग

हरिद्वार विधायक मदन कौशिक को प्रदेश भाजपा की कमान

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

देहरादून। सरकार में अप्रत्याशित तरीके से नेतृत्व परिवर्तन के बाद प्रदेश भाजपा नेतृत्व में भी बदलाव कर दिया गया है। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने त्रिवेंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री और प्रवक्ता का दायित्व निभाने वाले हरिद्वार से विधायक मदन कौशिक को प्रदेश भाजपा की कमान सौंपी है। कौशिक के गुरुवार को दिल्ली दौरे और वहां केंद्रीय नेताओं से मुलाकात के बाद शुक्रवार सुबह उनकी नियुक्ति कर दी गई। वह निवर्तमान अध्यक्ष बंशीधर भगत का स्थान लेंगे। भाजपा हाईकमान ने प्रदेश सरकार के बाद पार्टी के प्रांतीय नेतृत्व में भी परिवर्तन कर फिर से चौंकाया है। पहले यह माना जा रहा था कि गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत को मुख्यमंत्री की कुर्सी सौंपने के बाद राज्य में पार्टी संगठन को यथावत रखा जाएगा, लेकिन अब हाईकमान ने इसमें भी नेतृत्व परिवर्तन कर दिया है। राज्य गठन के बाद से लगातार चौथी बार हरिद्वार का प्रतिनिधित्व कर रहे विधायक मदन कौशिक को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह पूर्व में सरकार के साथ ही संगठन में विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं। एक रोज पहले ही पूर्व कैबिनेट मंत्री कौशिक ने अचानक दिल्ली पहुंचकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम समेत अन्य केंद्रीय नेताओं से मुलाकात की थी। शुक्रवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा द्वारा कौशिक को उत्तराखंड भाजपा का अध्यक्ष बनाने के संबंध में राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने नियुक्ति पत्र भी जारी कर दिया। इसके साथ ही यह भी साफ हो गया कि तीरथ कैबिनेट में कौशिक शामिल नहीं होंगे। अलबत्ता, निवर्तमान अध्यक्ष बंशीधर भगत को सरकार में जिम्मेदारी मिलने जा रही है।
प्रदेश में भाजपा के इतिहास को देखें तो जब भी उसकी सरकार बनी, तब गढ़वाल व कुमाऊं मंडलों में संतुलन साधने के मकसद से मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष अलग-अलग मंडलों से रहे हैं। अब पहली बार मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष गढ़वाल मंडल से हैं। हालांकि, सियासी जानकारों का कहना है कि कौशिक को प्रदेश अध्यक्ष बनाने के पीछे मैदानी क्षेत्र में विधानसभा की 19 सीटों को साधने के अलावा किसान आंदोलन की तपिश थामने की रणनीति हो सकती है। उधर, कौशिक की नियुक्ति पर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भगत, पूर्व मंत्री सुबोध उनियाल, डा.धन सिंह रावत समेत अन्य नेताओं ने कौशिक को उनके आवास पर जाकर शुभकामनाएं दीं।
कौशिक का जीवन परिचय और राजनीति सफर
नाम- मदन कौशिक
पिता का नाम- स्व. रमेश चंद्र शर्मा
जन्म तिथि- 11 जनवरी 1965
निवास स्थान- इमलीखेड़ा, रुड़की(हरिद्वार)
शैक्षिक योग्यता- स्नातक
राजनीतिक सफर
– वर्ष 2000 में भाजपा जिला महामंत्री और जिला अध्यक्ष हरिद्वार रहे।
– वर्ष 2002 में पहली बार विधायक का चुनाव जीता।
– 2002 से 2004 तक विधानसभा में सार्वजनिक उपक्रम व निगम समिति के सदस्य रहे।
– 2004 से 2007 तक विधानसभा में प्राक्कलन समिति के सदस्य रहे।
– 2007 में हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र से फिर विधायक चुने गए।
– 2007 से 2012 तक प्रदेश सरकार में मंत्री रहे।
– 2012 में प्रदेश भाजपा में उपाध्यक्ष बने।
– 2012 में तीसरी बार विधायक चुने गए।
– 2012 से 2017 तक विधानमंडल के उप नेता प्रतिपक्ष रहे।
– 2017 में चौथी बार विधायक बने और मंत्री पद मिला।
-वर्ष 2017 में चौथी बार हरिद्वार से विधायक चुने गए और सरकार में मंत्री बने।
भाजपा संस्कारवान पार्टी है। जिम्मेदारी बदलना एक सामान्य प्रक्रिया है, इसे किसी अन्य रूप में नहीं लेना चाहिए। जेपी नड्डा केंद्र में स्वास्थ्य मंत्री थे। पार्टी में उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व मिला। अमित शाह राष्ट्रीय अध्यक्ष थे और गृह मंत्री बने। पूर्व अध्यक्ष की आवश्यकता सरकार में थी, इसके लिए मुझे उनकी जगह अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मैंने संगठन की सेवा की है, संगठन के विभिन्न पदों पर रहा हूं। पार्टी ने मुझे कहा कि दायित्व बदलना है, मैंने स्वीकार किया। 2022 के चुनाव में पार्टी 60 से अधिक सीट का नारा लेकर जनता के बीच जाएगी। – मदन कौशिक, नवनियुक्त भाजपा अध्यक्ष

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!