अगले 5 दिनों में 45 डिग्री के पार जाएगा पारा, कई राज्यों में लू का अलर्ट

Spread the love

नईदिल्ली, देश के ज्यादातर हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में हैं, जिससे अधिकांश शहरों का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। अगले 4-5 दिनों में उत्तर, उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में पारा 3-6 डिग्री तक ऊपर चढ़ सकता है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंड़ीगढ़, राजस्थान, विदर्भ, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में 21-25 अप्रैल के बीच अलग-अलग तारीखों को लू चलने के आसार जताए हैं।
उत्तर प्रदेश में पारा 44 डिग्री के पार चला गया है। भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने 8वीं तक के परिषद स्कूलों का समय बदल दिया है। इसी प्रकार झारखंड में भी सरकार ने आज से स्कूलों के समय में परिवर्तन किया है। राजस्थान में सोमवार को पारा 42 डिग्री के पार चला गया। अगले 5 दिनों में तापमान में 1-2 डिग्री बढ़ सकता है। बिहार में 50-70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है।
दिल्ली में गर्मी के तेवर तीखे होते जा रहे हैं। तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचने से लोगों का दोपहर के वक्त घर से निकलना मुश्किल हो गया है। आज राजधानी में अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम 21 डिग्री रह सकता है। अगले 5 दिनों तक गर्मी का प्रकोप बढ़ने वाला है। आईएमडी के अनुसार, यहां अधिकतम तापमान में 1-2 डिग्री की बढ़ोतरी होगी, जिससे यह सामान्य से काफी ऊपर पहुंच जाएगा। इसके चलते कई इलाकों में लू चलेगी।
पूर्वोत्तर राज्यों में 21 अप्रैल को मौसम खराब रहने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में भी झमाझम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने के असार हैं। नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। असम के गुवाहाटी में लगातार हो रही तेज बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *