विकासनगर। चकराता और आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार शाम हुई झमाझम बारिश के बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे क्षेत्र में एक बार फिर ठंड का एहसास होने लगा। मौसम में आए इस बदलाव से चकराता पहुंचे पर्यटक भी हैरान नजर आए। दिनभर चकराता में तेज धूप और गर्मी का असर बना रहा, लेकिन शाम होते-होते आसमान में काले बादल छा गए और करीब छह बजे बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद तापमान गिरने से लोगों को गर्म कपड़े पहनने पड़े। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन दिनों लगातार बदल रहे मौसम के कारण मई-जून जैसे महीनों में भी ठंड का असर बना हुआ है।
वहीं, चकराता घूमने पहुंचे पर्यटकों को भी अचानक बढ़ी ठंड के कारण गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा।दूसरी ओर बेमौसम बारिश किसानों के लिए चिंता का कारण बन गई है। लगातार हो रही बारिश से तैयार पड़ी लहसुन की फसल के अलावा पुलम, आड़ू, खुमानी, आलूबुखारा, नाशपाती, आलू, बीन्स और मटर की फसल को भी नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। बारिश के बाद चकराता का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।त्यूणी, साहिया में भी बरसे मेघचकराता के साथ ही त्यूणी साहिया में भी जमकर बारिश हुई। जिससे यहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। विकासनगर और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से काफी गर्म रहा। शाम को तेज हवाएं चली, लेकिन बारिश नहीं हुई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत नहीं नहीं मिल पाई।