श्रीनगर गढ़वाल : पहाड़ में लगातार खराब मौसम ने हेलिकॉप्टर सेवा की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। देहरादून, टिहरी, श्रीनगर और गौचर के बीच क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस-उड़ान) के तहत संचालित हेरिटेज एविएशन की उड़ानें बुधवार को ठप रहीं, जबकि गुरूवार को सुबह भी मौसम की बेरुखी के कारण हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। ऐसे में यात्रियों को सड़क से सफर करना पड़ा।
हेरिटेज एविएशन के ऑपरेशन मैनेजर अभिलाष पटवाल ने बताया कि हेलिकॉप्टर संचालन के लिए कम से कम 1500 मीटर दृश्यता जरूरी होती है। लगातार बादल छाए रहने और विजिबिलिटी कम होने के कारण बुधवार सुबह और शाम की दोनों उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। गुरूवार सुबह भी यही स्थिति बनी रही। वहीं हेली सेवा बंद होने से तीर्थयात्री परेशान रहे। दिल्ली से श्रीनगर लौट रहे मेडिकल कॉलेज के छात्र रतनजोत ने बताया कि उन्हें हेली सेवा न चलने से टैक्सी बुक कर देहरादून से श्रीनगर आना पड़ा। (एजेंसी)