असम में 15 वर्षीय नाबालिग की दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या, फूटा लोगों का गुस्सा

Spread the love

गुवाहाटी, असम के हैलाकांडी जिले में एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की की दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस जघन्य अपराध को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने पीड़िता के परिजनों के साथ मिलकर न्याय की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग- 6 को जाम कर दिया और आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अमिताभ सिन्हा ने बताया कि वारदात हैलाकांडी जिले के काटलीचेरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अलोईचोरा इलाके में शनिवार रात करीब 11 बजे के आस-पास हुई थी।
उन्होंने बताया कि पीड़िता अपने परिवार के साथ पास में ही एक रिश्तेदार के घर भोज कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गई थी। वहा उसकी एक चचेरे भाई के साथ बहस हो गई थी। उसके बाद वह रात को ही अकेले अपने घर लौट आई थी।
एसएसपी सिन्हा ने बताया कि भोज कार्यक्रम के बाद जब परिवार वाले रात को वापस घर लौटे, तो उन्होंने लड़की का शव फर्श पर पड़ा हुआ मिला। शव इतनी बुरी स्थिति में था कि उसे पहचानना भी मुश्किल हो रहा था।
उन्होंने बताया कि हमलावरों ने पीड़िता का सिर और चेहरा पूरी तरह कुचल दिया था और उसके निजी अंगों में भी रॉड डाली गई थी। इससे साफ है कि नाबालिग की बड़ी बेहरमी के साथ हत्या की गई थी।
एसएसपी सिन्हा ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और इस सिलसिले में अब तक 5 संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
उन्होंने बताया कि परिवार ने हत्या से पहले दुष्कर्म का आरोप लगाया है, लेकिन पुलिस का कहना है कि यौन उत्पीड़न और मौत के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *