जौलीग्रांट। क्षेत्रीय विधायक द्वारा बड़कोंट पंचायत के दुजियावाला गांव में बंगाला नाले पर राज्य योजना के अंतर्गत 30.17 लाख रुपये की लागत से स्पान पुलिया का लोकार्पण किया गया। इस कार्य को लोनिवि की ओर से करवाया गया, जिससे बड़कोट और दुजियावाला के ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।
विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि बरसात में बंगाला नाले के उफान पर होने के कारण बड़कोट और दुजियावाला के सैकड़ों लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उफान के कारण लोग नाला पार नहीं कर पाते थे। सबसे अधिक परेशानी स्कूल आवाजाही करने वाले विद्यार्थियों और अभिभावकों को उठानी पड़ती थी।
नाले पर उफान वाले दिन कोई भी बच्चा स्कूल नहीं जा पाता था। यह बड़कोट के लोगों की करीब पचास वर्ष से अधिक पुरानी मांग थी, जिसे पूरा कर दिया गया है। ग्राम प्रधान दीक्षा भट्ट ने कहा कि बड़कोट पंचायत के लिए यह बड़ा कार्य हुआ है, जिससे सैकड़ों परिवारों को आवाजाही करने में आसानी होगी।
कहा कि बंगाला नाला कई गांवों में कहर बरपाता है। अब इस समस्या से निजात मिलेगी। ग्रामीणों ने अन्य समस्याएं भी रखीं। सुनील भट्ट, पूनम सजवाण, दीवान सिंह, विजय भट्ट, अरुण शर्मा, आयुष मल्ल, बलवंत सिंह, नवीन, संदीप भट्ट, मनोज शर्मा आदि उपस्थित रहे।