पांचाली में ग्रामीण विधिक सेवा एवं सहायता केंद्र का शुभारंभ

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : सिविल जज जूनियर डिवीजन सतपुली नेहा ने कल्जीखाल ब्लॉक की न्याय पंचायत पांचाली स्थित सामुदायिक भवन में ग्रामीण विधिक सेवा एवं सहायता केंद्र का शुभारंभ किया। यह केंद्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के तहत स्थापित किया गया है।
इस अवसर पर सिविल जज नेहा ने कहा कि आम नागरिकों को सुलभ एवं समय पर न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समय-समय पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद लोगों तक कानूनी सहायता पहुंचाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर ग्रामीण विधिक सेवा एवं सहायता केंद्र खोले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत पांचाली के सामुदायिक भवन में संचालित होने वाले इस केंद्र में प्रत्येक सोमवार को पैरालीगल वालंटियर (पीएलवी) उपलब्ध रहेंगे, जो जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क कानूनी सहायता और परामर्श प्रदान करेंगे। कार्यक्रम में पीएलवी पुष्पेंद्र राणा, ग्राम प्रधान अशोक रावत, पूर्व प्रधानाचार्य कुशलानंद बलूनी, पूर्व प्रधान संतोषी रावत, महिला मंगल दल अध्यक्ष सोनम नेगी, ग्राम विकास अधिकारी दीपेश नेगी, राजस्व उपनिरीक्षक राकेश नेगी, राजस्व उपनिरीक्षक दौलत सिंह बिष्ट, पीएलवी जगमोहन डांगी, सज्जन सिंह नेगी, भगवती प्रसाद, रक्षा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *