जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी में वाणिज्य संकाय की ओर से “वित्तीय जागरूकता एवं उपभोक्ता प्रशिक्षण” विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। जिसमें विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता, बैंकिंग सेवाओं, साइबर सुरक्षा व बीमा सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता डा. अश्वनी शर्मा रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. हरिश्चंद्र ने की। मुख्य वक्ता ने विद्यार्थियों को डिजिटल लेन-देन में सावधानी बरतने, ऑनलाइन ठगी से बचाव तथा सुरक्षित निवेश के बारे में जानकारी दी। अपने संबोधन में प्रो. हरिश्चंद्र ने कहा कि वर्तमान समय में वित्तीय जागरूकता प्रत्येक विद्यार्थी के लिए आवश्यक है। आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं का सुरक्षित उपयोग करना चाहिए। कार्यशाला में वाणिज्य एवं कला संकाय के 65 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनुराग शर्मा ने किया। इस अवसर पर डा. दिवाकर बौद्ध, डा. कविता अहलावत, डा. दीप्ति मैठाणी, आशीष धीमान, जितेंद्र सिंह, सुमन नेगी आदि मौजूद रहे।