गर्मी का चढ़ा पारा, धोखा देने लगे नलकूप

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गर्मी का पारा चढ़ने के साथ ही शहर में नलकूप धोखा देने लगे हैं। हालत यह है कि क्षेत्र के तीन नलकूपों में खराबी आने से लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। वहीं, पेयजल लाइन लीकेज के कारण घरों में पर्याप्त पानी भी नहीं पहुंच पा रहा है। लोगों ने व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की मांग की है। कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए इस ओर गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए।
पदमपुर-सुखरो के बड़े हिस्से में पेयजल आपूर्ति करने वाले श्यामलाल बगीचे में स्थित नलकूप में तकनीकि खराबी आ गई, जिससे क्षेत्र में पेयजल किल्लत गहरा गई। आमजन को पानी के लिए यहां-वहां भटकना पड़ रहा है। उधर, देवी मंदिर स्थित नलकूप में भी तकनीकि खराबी आने के कारण आमजन को परेशानी हो रही है। हालांकि, विभाग की ओर से पेयजल नलकूपों को इंटर कनेक्ट किया गया है, जिस कारण आमजन को थोड़ी राहत अवश्य है। लालपुर स्थित नलकूप में भी तकनीकि खराबी आने के कारण आमजन को परेशानी हो रही है। तीनों नलकूपों में आई खराबी के कारण, पदमपुर लालपुर, बालासौड़ क्षेत्र की बड़ी आबादी को आवश्यकता के अनुरूप पानी नहीं मिल पा रहा। विभाग की ओर से पेयजल संबंधी शिकायत के लिए 01382-222219 नंबर जारी किया गया है। जारी नंबर पर बाकायदा 24 घंटे कर्मियों की तैनाती की बात भी कही जा रही है। लेकिन, धरातलीय स्थिति पूरी तरह उलट है। शुक्रवार शाम जब इस संबंध में संपर्क करने का प्रयास किया गया तो नंबर आउट आफ आर्डर था। अधिवक्ता बीएम गौड़ ने भी पदमपुर-सुखरो क्षेत्र में व्याप्त पेयजल समस्या के संबंध में जब इस नंबर पर संपर्क का प्रयास किया गया तो उन्हें भी नंबर आउट आफ आर्डर ही मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *