एडीबी परियोजना के विकास कार्यों का निरीक्षण, गुणवत्ता पर जोर

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) के वित्त पोषण से संचालित पेयजल एवं आधारभूत अवसंरचना विकास परियोजना के अंतर्गत वार्ड संख्या 4 से 26 तक चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य उच्च मानकों के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं तथा निर्माण के दौरान आमजन को कम से कम असुविधा हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना कोटद्वार शहर के भविष्य को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है। इसके पूर्ण होने के बाद नगर क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा। उन्होंने बताया कि परियोजना के माध्यम से पुरानी एवं जर्जर पाइपलाइनों की समस्या समाप्त होगी, जल आपूर्ति अधिक सुचारु होगी तथा पानी की बर्बादी में भी कमी आएगी। ऋतु खंडूडी भूषण ने कहा कि एडीबी परियोजना पूरी होने के बाद वार्ड संख्या 4 से 26 सहित पूरे नगर क्षेत्र के हजारों नागरिकों को स्वच्छ और नियमित पेयजल आपूर्ति का लाभ मिलेगा। यह योजना भविष्य की बढ़ती आबादी की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एक मजबूत आधारभूत ढांचा विकसित करेगी। उन्होंने अधिकारियों को पुन: निर्देशित किया कि कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यों को तय समयसीमा में पूरा कर जनता को शीघ्र लाभ पहुंचाने पर बल दिया गया। इस अवसर पर परियोजना प्रबंधक जतिन सिंह सैनी, सहायक अभियंता सुमित कुमार, कनिष्ठ अभियंता विश्रुत, डीएससी मैनेजर नरेंद्र सिंह, दीपक व्यास, महेश नेगी, कमल नेगी, दीपक गौड़ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *