जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कौड़िया के गब्बर सिंह कैंप में 31 उत्तराखंड बटालियन एनसीसी हरिद्वार द्वारा वार्षिक संयुक्त प्रशिक्षण शिविर का संचालन किया जा रहा है। शिविर में वक्ताओं ने कहा कि एनसीसी युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और देशप्रेम की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।
इस प्रशिक्षण शिविर में देहरादून, हरिद्वार, टिहरी और पौड़ी जिलों से आए 500 से अधिक महिला एवं पुरुष कैडेट्स भाग ले रहे हैं। शिविर के माध्यम से कैडेट्स को आत्मनिर्भरता, अनुशासन और राष्ट्र सेवा के प्रति प्रेरित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन रुड़की ग्रुप के एनसीसी कमांडर ब्रिगेडियर पी. भंडारी ने किया। उन्होंने कैंप का जायजा लेते हुए एनसीसी की भूमिका और उसके महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को सेना में करियर बनाने और देश की सुरक्षा के लिए आगे आने को प्रेरित किया। प्रशिक्षण सत्र में कैडेट्स को ड्रिल, फायरिंग, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, आत्मरक्षा, साइबर जागरूकता, बैंकिंग प्रणाली, अग्निशमन और आपदा प्रबंधन जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अलावा योगाभ्यास, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, खेलकूद, दौड़ और फायरिंग प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। शिविर में विशेषज्ञों द्वारा कैडेट्स को वित्तीय साक्षरता, आधुनिक बैंकिंग व्यवस्था और आपदा प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं। इस दौरान कर्नल ललित पंवार, कर्नल गौरव नौगांई, सूबेदार मेजर लक्ष्मण सहित विभिन्न विद्यालयों के एएनओ भी मौजूद रहे।