उत्तरकाशी। सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने टेलीकॉम कंपनियों को छह माह के भीतर नो नेटवर्क जोन को सक्रिय नेटवर्क क्षेत्र में बदलने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बुधवार को जिला स्तरीय टेलीकॉम समिति की बैठक में कहा कि बेहतर संचार व्यवस्था आपदा प्रबंधन, विकास और सरकारी योजनाओं की प्रभावी पहुंच के लिए बेहद जरूरी है। जिलाधिकारी ने सभी टेलीकॉम सेवा प्रदाता कंपनियों को नेटवर्क विहीन क्षेत्रों का सर्वे कर प्राथमिकता के आधार पर मोबाइल कनेक्टिविटी मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के दुर्गम क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या लंबे समय से बनी हुई है जिसे तय समय सीमा के भीतर दूर किया जाना चाहिए।
बैठक में दूरस्थ क्षेत्रों में नए मोबाइल टावर स्थापित करने, बंद या कमजोर नेटवर्क वाले टावरों को सक्रिय करने व तकनीकी बाधाओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने टेलीकॉम कंपनियों को भरोसा दिलाया कि नेटवर्क विस्तार से जुड़े कार्यों में जिला प्रशासन हर संभव सहयोग देगा। उन्होंने कहा कि मजबूत संचार व्यवस्था से ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच आसान होगी।