जागेश्वर में पर्यटक सुविधाएं सुदृढ़ करने के निर्देश, आरतोला पार्किंग को मल्टी स्टोरी बनाने की तैयारी

Spread the love

अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शनिवार को जागेश्वर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने तथा बढ़ती पर्यटक संख्या को देखते हुए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी पनुवानौला पहुंचे, जहां उन्होंने बिखरे पड़े कूड़े पर नाराजगी जताई और कूड़ा प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में पार्किंग की आवश्यकता पर बल देते हुए उपयुक्त भूमि की तलाश करने को कहा। इसके बाद जिलाधिकारी ने आरतोला पार्किंग का निरीक्षण कर पार्किंग, यातायात व्यवस्था और साफ-सफाई की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम में लगातार बढ़ रही पर्यटकों की संख्या को देखते हुए पार्किंग सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग को आरतोला पार्किंग को मल्टी स्टोरी पार्किंग के रूप में विकसित करने का आगणन तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही कूड़ा प्रबंधन और शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा। आरतोला से जागेश्वर तक पैदल भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने मार्गीय व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए कि पर्यटकों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने आरतोला से जागेश्वर तक कूड़ा संग्रहण की समुचित व्यवस्था करने तथा पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। जागेश्वर मंदिर पहुंचकर जिलाधिकारी ने पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने पंडित-पुजारियों की समस्याएं भी सुनीं और स्थानीय प्रशासन को सभी हितधारकों के साथ बैठक कर समस्याओं के समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, प्रदीप धौलाखंडी, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, उपजिलाधिकारी जैंती/भनोली सौम्या गर्ब्याल, तहसीलदार, कार्यवाहक प्रबंधक ज्योति धपवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *