अल्मोड़ा। सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत रविवार को सल्ट क्षेत्र में स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में यातायात नियमों के पालन, साइबर अपराधों से बचाव, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में जानकारी दी गई। थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षित वाहन संचालन, सड़क सुरक्षा नियमों के पालन तथा यातायात के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के उपायों, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा नए आपराधिक कानूनों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम में गुड सेमेरिटन योजना के बारे में विस्तार से बताते हुए सड़क दुर्घटना पीड़ितों की सहायता करने वाले व्यक्तियों को मिलने वाले कानूनी संरक्षण और अधिकारों की जानकारी दी गई। पुलिस ने लोगों से दुर्घटना की स्थिति में घायलों की मदद के लिए आगे आने की अपील की। पुलिस टीम ने नशे से संबंधित गतिविधियों की गोपनीय सूचना साझा करने के लिए मानस हेल्पलाइन 1933 की जानकारी भी दी। इसके अलावा डायल-112, साइबर हेल्पलाइन 1930 और आपदा हेल्पलाइन 1070 सहित विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।