प्रभात फेरी में गूंजे राष्ट्रभक्ति के नारे

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कोटद्वार नगर निगम के महापौर शैलेंद्र सिंह रावत ने नगर क्षेत्र में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।


स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों की शुरुआत तहसील परिसर से हुई। यहां महापौर ने विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा निकाली गई प्रभात फेरी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हाथों में तिरंगा और जुबां पर देशभक्ति के नारों के साथ निकली प्रभात फेरी ने पूरे नगर को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साह पूर्वक प्रतिभाग किया। इसके बाद प्रात: 9 बजे कोटद्वार नगर निगम परिसर में महापौर शैलेंद्र सिंह रावत ने राष्ट्रध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित लोगों ने तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा देश की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रमों की अगली कड़ी में मालवीय उद्यान में भी महापौर ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी गई तथा उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया। इस अवसर पर महापौर शैलेंद्र सिंह रावत ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को स्मरण करने का दिन है, जिनके संघर्ष से देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए स्वच्छ, विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए। महापौर ने युवाओं और विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि देश का भविष्य युवा पीढ़ी के हाथों में है। शिक्षा, अनुशासन, नवाचार, राष्ट्रसेवा और सामाजिक जिम्मेदारी को जीवन का हिस्सा बनाकर युवा देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने नगरवासियों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने तथा नगर के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोटद्वार को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और विकसित नगर बनाने के लिए नगर निगम के प्रयासों के साथ नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है। कार्यक्रमों में नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारी, विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति के नारों और राष्ट्रगान से वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत रहा। अंत में उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा तथा भारत को विकसित और सशक्त राष्ट्र बनाने में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *