स्वतंत्रता दिवस पर दिखी सांस्कतिक छटा

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय इंटर कॉलेज कोटद्वार में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकेश रावत ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर किया। इसके बाद उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रगान के साथ देश के प्रति सम्मान एवं एकता का संकल्प लिया।


इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को नमन किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों में देशभक्ति का उत्साह भर दिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं तथा विद्यालय के सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। पूर्व पीटीए अध्यक्ष महेंद्र अग्रवाल ने प्रतिभावान विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रधानाचार्य मुकेश रावत ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता अनेक वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। विद्यार्थियों को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, अभिभावक, छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित एवं देश की प्रगति के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *