जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : श्री सिद्धबली संस्कृत विद्यालय, कोटद्वार में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, संस्कार और सांस्कृतिक उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. जे.पी. ध्यानी ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शिवचरण पोखरियाल, मुख्य वक्ता डॉ. चंद्रमोहन बड़थ्वाल, विद्यालय के प्रबंधक डॉ. रमाकांत कुकरेती, गेप्स के संस्थापक निदेशक राम भरोसा कंडवाल, मनमोहन काला तथा प्रधानाचार्य अशोक जोशी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना के साथ देशभक्ति गीत एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ‘राइफल डांस’, ‘नमामि वयम्’ और ‘कालिदासो जने-जने’ ने दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने देशप्रेम के साथ भारतीय संस्कृति और संस्कारों की सुंदर झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. जे.पी. ध्यानी ने कहा कि देश की स्वतंत्रता स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के अथक संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। हमें स्वतंत्रता के मूल्यों को समझते हुए इसकी रक्षा और राष्ट्र की प्रगति के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की उन्नति और स्वतंत्रता की सार्थकता के लिए समाज का सुसंस्कृत, संस्कारवान और जिम्मेदार होना आवश्यक है।
मुख्य वक्ता डॉ. चंद्रमोहन बड़थ्वाल ने अपने सारगर्भित संबोधन और काव्य पाठ के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत की। वहीं राम भरोसा कंडवाल ने अपनी चर्चित कविता ‘कहां गए वे राष्ट्रनायक’ के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राष्ट्रनायकों के त्याग एवं बलिदान को याद किया। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया। मनमोहन काला ने ‘सनातन संस्कृति का वैज्ञानिक महत्व’ विषय पर प्रकाश डालते हुए भारतीय संस्कृति की वैज्ञानिक एवं जीवनोपयोगी परंपराओं से विद्यार्थियों को परिचित कराया। विद्यालय के प्रबंधक डॉ. रमाकांत कुकरेती ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यालय की भावी योजनाओं की जानकारी भी साझा की। प्रधानाचार्य अशोक जोशी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का सफल संचालन अतुल डोबरियाल ने किया। समापन अवसर पर कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. जे.पी. ध्यानी ने विधिवत कार्यक्रम के समापन की घोषणा की और उपस्थित लोगों को मिष्ठान वितरित किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति, संस्कृति और देशप्रेम के नारों से गूंजता रहा। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने विद्यार्थियों में राष्ट्र के प्रति समर्पण, भारतीय संस्कारों और गौरवशाली इतिहास के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक मजबूत किया।