जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाबर क्षेत्र स्थित राइजिंग सन पब्लिक स्कूल, दुर्गापुर, नवयुग पब्लिक स्कूल मोटाढांक में स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर तिरंगे के रंगों से सजा हुआ था और पूरा वातावरण “वंदे मातरम्” तथा “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता वीरेंद्र सिंह रावत उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व असिस्टेंट कमांडेंट कमलेश बुडाकोटी ने शिरकत की। विद्यालय के संस्थापक मोहन सिंह बिष्ट एवं प्रबंधक जगमोहन बुडाकोटी भी विशेष रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। ध्वजारोहण के पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों ने नृत्य, गीत, नाटक और कविताओं के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को जीवंत कर दिया। विशेष रूप से प्रस्तुत देशभक्ति नाटिका ने उपस्थित सभी लोगों की आंखें नम कर दीं और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा सभागार गूंज उठा। मुख्य अतिथि वीरेंद्र सिंह रावत ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को देश के प्रति समर्पण, अनुशासन और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के बच्चे ही भारत का उज्ज्वल भविष्य हैं। उन्होंने बच्चों को मेहनत और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि कमलेश बुडाकोटी ने कहा कि स्वतंत्रता केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि यह हमारे कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की याद दिलाने वाला अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को देश सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया। विद्यालय के संस्थापक मोहन सिंह बिष्ट ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को केवल शिक्षा ही नहीं बल्कि संस्कार और देशभक्ति की भावना से भी सशक्त बनाना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना की और विद्यालय के प्रयासों की प्रशंसा की। पूरा समारोह उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना से सराबोर रहा। अंत में सभी को मिठाई वितरित कर कार्यक्रम का समापन किया गया