विस अध्यक्ष ने किया अस्पताल का निरीक्षण, मरीजों से लिया स्वास्थ्य सुविधाओं का फीडबैक

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने राजकीय बेस हॉस्पिटल, कोटद्वार का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उपचाररत मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण उपचार, सम्मानजनक व्यवहार और आवश्यक सुविधाएं मिले, यह सुनिश्चित करना अस्पताल प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी है।


निरीक्षण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने मरीजों से उनके उपचार, चिकित्सकों की उपलब्धता, दवाइयों की व्यवस्था तथा अस्पताल में मिल रही अन्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से यह भी जाना कि उन्हें उपचार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है। अस्पताल निरीक्षण के दौरान चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित मिले। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक पाई गई। व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और अस्पताल पहुंचने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था को भी निरंतर बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ आमजन को बेहतर तरीके से मिले, इसके लिए व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी आवश्यक है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मरीजों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *