थाना प्रभारियों को अलर्ट रहने के दिए निर्देश

चमोली। पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने बुधवार को जनपद के राजपत्रित अधिकारियों, थानाध्यक्षों, शाखा प्रभारियों सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारियों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी/सम्मेलन का आयोजन किया। बैठक में जनपद की कानून व्यवस्था की समीक्षा करने के साथ ही आगामी चुनौतियों और कर्मचारियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक माह कर्मचारियों की मीटिंग लेकर उनके कार्यों की समीक्षा करें और उनकी व्यक्तिगत/पारिवारिक समस्याओं को सुनते हुए उनका शीघ्र समाधान करें। जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश के दृष्टिगत संभावित प्राकृतिक आपदा से निपटने की तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने समस्त थाना प्रभारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनज़र, सभी थाना प्रभारी को अपने थाना क्षेत्र के मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन करने और चुनाव के दौरान विभिन्न गतिविधियों एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। गोष्ठी में, विगत माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले और चारधाम यात्रा के दौरान अच्छी ड्यूटी करने वाले पुलिस कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने हेतु दिया गया। इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग अमित सैनी, पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन बिष्ट, सहायक अभियोजन अधिकारी मानसी शर्मा, जिला शासकीय अधिवक्ता पोक्सो मोहन पंत आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *