कोटद्वार-पौड़ी

अंतरराष्ट्रीय महात्मा गांधी विश्व शांति सम्मान से सम्मानित होंगे सुरेंद्र लाल आर्य

Spread the love
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। इंडियन टेलीफिल्म् प्रोडक्शन, अखिल भारतीय कला साहित्य संस्कृति अकादमी, युवा समूह प्रकाशन व ओउम शक्तिपीठ वर्धा ( महाराष्ट्र) के संयुक्त तत्वावधान में कोटद्वार के प्रसिद्ध समाजसेवी सुरेंद्र लाल आर्य को अंतरराष्ट्रीय महात्मा गांधी विश्व शांति सम्मान से सम्मानित किया जायेगा। यह सम्मान सर्वधर्म समभाव व विश्व में शांति स्थापित करने की दिशा में महात्मा गांधी के विचारों के प्रवाह हेतु प्रदान किया जाता है।
गढ़वाल सर्वोदय मंडल की पदमपुर सुखरौ कार्यालय में आयोजित बैठक में समाजसेवी सुरेंद्र लाल आर्य को अंतरराष्ट्रीय महात्मा गांधी विश्व शांति सम्मान के लिए चुने जाने पर खुशी व्यक्त की। उन्हें 5 जनवरी 2022 को अखिल भारतीय सर्वोदय मंडल के मुख्यालय व गांधी-विनोबा भावे की पावन भूमि वर्धा (सेवाग्राम) में सम्मानित किया जायेगा। ट्रस्ट के संरक्षक वयोवृद्ध साहित्यकार चक्रधर शर्मा “कमलेश” ने कहा कि सुरेंद्र लाल आर्य भारतीय स्टेट बैंक में नौकरी के साथ-साथ समाजसेवा भी करते रहे। जिसका फल है कि उन्हें अनेकों राष्ट्रीय, प्रांतीय व क्षेत्रीय सम्मानों से सम्मानित किया गया है। उन्होंने जनता की भरपूर सेवा की है। सर्वोदय सेविका श्रीमती शशिप्रभा रावत ने कहा कि गांधीवादी सर्वोदय सेवक स्वर्गीय मान सिंह रावत के मार्गदर्शन में तीन दशक तक रहकर  आर्य ने गांधीवाद व सर्वोदय को समझा व गांधी मार्ग पर चल पड़े। वह डेढ़ दशक से गढ़वाल सर्वोदय मंडल के अध्यक्ष हैं और उत्तराखंड में सर्वोदय को गति प्रदान कर रहे हैं। साहित्यिक संस्था साहित्यांचल कोटद्वार के अध्यक्ष जनार्धन बुड़ाकोटी ने कहा कि सुरेंद्र लाल आर्य बहुआयामी प्रतिभा के धनी हैं जो समाज सेवी करने के साथ-साथ “सर्वधर्म समभाव व मानव-मानव एक समान एक ईश्वर की सब संतान” की मान्यता का विस्तार करते हुए महर्षि दयानंद सरस्वती, महात्मा गांधी, डॉ. अंबेडकर, नेल्सन मंडेला, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन, मदर टेरेसा, गुरुनानकदेव, डॉ. कलाम आदि महापुरुषों के विचारों का प्रवाह करते हैं।
वरिष्ठ साहित्यकारों ने सुरेंद्र लाल आर्य के जीवन दर्शन को प्रकाशित करने हेतु “सुरेंद्र लाल आर्य अभिनन्दन ग्रंथ समिति” का गठन किया है। समिति के अध्यक्ष वयोवृद्ध साहित्यकार चक्रधर शर्मा “कमलेश”, सचिव जनार्धन बुड़ाकोटी, कोषाध्यक्ष शूरबीर खेतवाल व प्रधान संपादक वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. नन्दकिशोर  ढौड़ियाल है। बैठक में सत्यप्रकाश थपलियाल, कैप्टन पीएल खंतवाल, विनोद चंद्र कुकरेती, डॉ. दिवाकर बेबनी, महेंद्र अग्रवाल, एडवोकेट जगमोहन भारद्वाज, संदीप आर्य, वीरेंद्र देवरानी, जनार्धन बुड़ाकोटी, बचन सिंह गुसाईं, बीर सिंह, डॉ. मनोरमा ढौड़ियाल, शूरबीर खेतवाल, ओमप्रकाश बड़थ्वाल आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!