कमजोर एवं वंचित वर्गों को नि:शुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना सभी का दायित्व

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : माननीय राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल एवं माननीय जिला जज/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पौड़ी गढ़वाल के आदेशानुसार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पौड़ी गढ़वाल के सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव श्रीमती नाजिश कलीम द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पौड़ी गढ़वाल में नवनियुक्त प्राविधिक स्वयंसेवकगण/अधिकार मित्रों हेतु एक दिवसीय भौतिक एवं वर्चुअल प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्थायी लोक अदालत के माध्यम से निस्तारित किए जाने वाले प्रकरणों के विषय में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिला जज/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पौड़ी गढ़वाल धर्म सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने नवनियुक्त प्राविधिक स्वयं सेवक/अधिकार मित्रों को उनके दायित्वों के प्रभावी निर्वहन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने नवनियुक्त प्राविधिक स्वयं सेवक/अधिकार मित्रों को संबोधित करते हुए कहा कि वे विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। कहा कि समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को नि:शुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना हम सभी का दायित्व है, जिसमें प्राविधिक स्वयं सेवक/अधिकार मित्र एक सशक्त कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को अपने कर्तव्यों का निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने तथा आमजन को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने हेतु प्रेरित किया। इस मौके पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शहजाद ए. वाहिद, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) अमित भट्ट, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल कमल प्रसाद बमराड़ा, डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल महेश बलूनी, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल विनोद कुमार, रिटेनर अधिवक्ता गजेन्द्र सिंह रावत, कुलदीप नेगी, पीएलवी जगमोहन डांगी आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *