जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बुधवार को भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के भूगोल विभाग द्वारा विभागीय परिषद के अन्तर्गत विश्व पृथ्वी दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए पोस्टर एवं मॉडल प्रदर्शनी में छात्रों ने स्वच्छ ऊर्जा, सतत विकास एवं पर्यावरण संरक्षण पर रचनाएं प्रस्तुत की।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. एल.आर. राजवंशी ने कहा कि पृथ्वी हमारा एकमात्र घर है। थीम अवर पॉवर अवर प्लांट के माध्यम से हम अपनी ऊर्जा को ग्रह संरक्षण के लिए समर्पित करें, ताकि भावी पीढ़ियों के लिए हरा-भरा पर्यावरण सुनिश्चित हो। भूगोल विभाग की प्राध्यापक डॉ. अर्चना नौटियाल ने थीम अवर पॉवर अवर प्लांट पर व्याख्यान दिया, जिसमें इतिहास, महत्व एवं आवश्यकता पर प्रकाश डाला। वाणिज्य विभाग के डॉ. वरुण कुमार ने पर्यावरण स्वच्छता में व्यक्तिगत प्रयासों पर जोर दिया। डॉ. वसीम अहमद ने जल, जंगल, जमीन के संरक्षण पर बल दिया, जबकि डॉ. मोहम्मद शहजाद ने उद्योग अवशिष्टों के दुष्प्रभाव बताए। इस अवसर पर डॉ. नेहा शर्मा, डॉ. सुमन कुकरेती, डॉ. शिप्रा शर्मा, डॉ. अभिषेक कुकरेती, डॉ. दुर्गा रजक, डॉ. अजय रावत, डॉ. वन्दना ध्यानी आदि उपस्थित रहे।