मिस्टर-मिस कोटद्वार व गढ़वाल प्रतियोगिता में युवाओं ने बिखेरा जलवा
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भगवंत ग्लोबल विश्वविद्यालय एवं राणा क्रिकेट अकादमी की ओर से आयोजित मिस्टर-मिस कोटद्वार एवं गढ़वाल-2026 सीजन-7 में युवक-युवतियों ने रैंप पर अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में जानवी केडियाल ने मिस गढ़वाल और हनी थापा ने मिस्टर गढ़वाल का खिताब अपने नाम किया।

बदरीनाथ मार्ग स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित प्रतियोगिता में कोटद्वार और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे प्रतिभागियों ने रैंप वॉक, टैलेंट राउंड और पर्सनैलिटी राउंड में प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न चरणों में प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, प्रतिभा और व्यक्तित्व को परखा गया। संस्था के अध्यक्ष सूरज राणा ने बताया कि प्रतियोगिता में आशीष पांथरी को मिस्टर कोटद्वार और आयुषी बिष्ट को मिस कोटद्वार चुना गया। वहीं जानवी केडियाल मिस गढ़वाल और हनी थापा मिस्टर गढ़वाल बने। मुख्य अतिथि एवं पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए ऐसे आयोजनों को युवाओं के लिए प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच बताया। इस अवसर पर भगवंत ग्लोबल यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार अनिल खंतवाल, शशि रावत, राहुल राजपूत, रंजना रावत, अमित राज रावत, अरुण बिष्ट, सुमन कोटनाला, सुधांशु नेगी, राजा आर्य, भास्कर प्रजापति, निखिल, बॉबी बिष्ट और रघुवीर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।