बिग ब्रेकिंग

जयराम रमेश बोले- कांग्रेस के बिना विपक्षी मोर्चा संभव नहीं, फिलहाल फोकस विधानसभा चुनावों पर

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

नई दिल्ली, एजेंसी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने विपक्षी मोर्चे को लेकर तृणमूल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के रुख के बीच बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का मुकाबला करने के लिए कोई भी विपक्षी मोर्चा कांग्रेस के बिना संभव नहीं है। अगर 2024 के आम चुनाव के लिए गठबंधन बनता है, तो इसमें कांग्रेस पार्टी की केंद्रीय भूमिका होगी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अभी इस सब के बारे में बात करना जल्दबाजी होगी, क्योंकि कांग्रेस की पहली प्राथमिकता कर्नाटक में आगामी चुनाव और इस साल अन्य राज्यों के चुनाव हैं।
जयराम रमेश की टिप्पणी पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी (सपा) दोनों के बयानों के बाद आई, जिसमें संकेत दिए गए थे कि 2024 लोकसभा चुनाव में दोनों दल कांग्रेस और भाजपा से दूर रहेंगे और अन्य क्षेत्रीय दलों को साथ लाने का काम करेंगे।
इससे पहले 17 मार्च को टीएमसी सांसद सुदीप बंदोपध्याय ने कहा था कि सीएम ममता भाजपा के मुकाबले के लिए तैयार हैं। वे ताकतवर क्षेत्रीय पार्टियों के पास जाएंगी और भाजपा से मुकाबले के लिए बात करेंगी। हमारी पार्टी अपने रास्ते पर चलेंगी। हम भाजपा और कांग्रेस से दूरी बनाकर चलेंगे। वहीं, सपा मुखिया अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी की तारीफ करते हुए कहा था कि देश में सभी लोग परिवर्तन चाहते हैं। भारतीय जनता पार्टी ने देश का जितना नुकसान किया, उतना कभी किसी दल ने नुकसान नहीं किया होगा। क्षेत्रीय पार्टियां 2024 की लड़ाई में अहम भूमिका निभाएंगीं। आपको चुनाव से पहले एक मोर्चा दिखाई देगा। मुझे पूरी उम्मीद है। आप से फ्रंट, गठबंधन या अलायंस कुछ भी बोल सकते हैं।
यह पूछे जाने पर कि क्या टीएमसी और सपा के बयान विपक्षी एकता के लिए झटका है? जयराम रमेश ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के लोग मिलते रहते हैं। तीसरा मोर्चा या चौथा मोर्चा बनता रहेगा, लेकिन विपक्ष में कांग्रेस का होना जरूरी है। उन्होंने समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए साक्षात्कार में कहा कि यदि विपक्ष का गठबंधन बनता है, तो कांग्रेस इसमें केंद्रीय भूमिका निभाएगी। कांग्रेस के बिना कोई मोर्चा संभव नहीं है, लेकिन इस बारे में बात करना जल्दबाजी होगी।’
उन्होंने कहा कि सबसे पहले कर्नाटक में चुनाव है। उसके बाद तेलंगाना, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और मिजोरम में चुनाव होने हैं। इस साल हम राज्य के चुनावों में पूरी तरह से व्यस्त रहेंगे, हम 2024 के चुनावों के बारे में बाद में बात करेंगे। उन्होंने कहा कि अभी बैठकें जारी रहेंगी, पोजिशनिंग जारी रहेगी। मैं तीसरा मोर्चा बनाऊंगा, मैं चौथा मोर्चा बनाऊंगा, मैं पांचवां मोर्चा बनाऊंगा, यह सब चलता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!