जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : एनडीपीएस और चेक बाउंस के मामलों में जेल से छूटने के करीब एक माह बाद ही युवक दोबारा चोरी के मामले में पुलिस के हत्थे चढ़ गया। कोटद्वार में घर के समीप से मोटर साइकिल चोरी करने के आरोप में पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर चोरी की गई बाइक बरामद कर ली। पुलिस अब आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।

पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर को कोटद्वार निवासी मनीष नेगी ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनके घर के समीप खड़ी मोटर साइकिल को अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक युवक मोटर साइकिल चोरी करते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर आरोपी की पहचान करने के प्रयास तेज कर दिए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि जांच के दौरान आरोपी की पहचान सिम्मलचौड़ निवासी सागर चौहान के रूप में हुई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे सिम्मलचौड़ मंडी के समीप से चोरी की गई मोटर साइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पूर्व में एनडीपीएस एक्ट और चेक बाउंस से संबंधित मामलों में जेल जा चुका है। वह करीब एक माह पहले ही जेल से रिहा हुआ था। मोटर साइकिल चोरी के मामले में गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटा रही है।