खो नदी में गिरा मजदूर, पुलिस और एसडीआरएफ ने आधी रात को चलाया रेस्क्यू अभियान

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रतनपुर झूलापुल रोड पर देर रात एक व्यक्ति खो नदी के किनारे बनी ऊंची रिटेनिंग दीवार से नीचे नदी में गिर गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर घायल को बाहर निकाला। इसके बाद उसे उपचार के लिए बेस अस्पताल कोटद्वार पहुंचाया गया। घायल की पहचान दीपू के रूप में हुई है, जो क्षेत्र में मजदूरी करता है।


जानकारी के अनुसार, कुंभीचौड़ निवासी पूर्व सैनिक महेंद्र पाल सिंह रावत ने देर रात करीब 12 बजे पुलिस को सूचना दी कि रतनपुर झूलापुल के समीप खो नदी के किनारे बनी रिटेनिंग दीवार से एक व्यक्ति नीचे नदी में गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटना स्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। एएसआई धर्मवीर सिंह ने बताया कि पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने करीब आधे घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाने के बाद घायल को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल बेस अस्पताल कोटद्वार भेजा गया। उन्होंने बताया कि घायल के सिर से खून बह रहा था और उसके हाथ-पैरों में भी गंभीर चोटें आई थीं। अंधेरे और नदी के आसपास की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच टीम ने घायल को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रयास किए। घटना स्थल के आसपास मौजूद लोगों ने घायल की पहचान दीपू के रूप में की। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह क्षेत्र में मजदूरी का काम करता है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। देर रात चले इस रेस्क्यू अभियान में पुलिस और एसडीआरएफ की तत्परता से घायल को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका। फिलहाल घायल के स्वास्थ्य को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *