विकसित भारत @2047 विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित
जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जयहरीखाल में विकसित भारत @2047 विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा उन्हें वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना था।

प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने विकसित भारत की संकल्पना पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार सृजन, महिला सशक्तीकरण, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण विकास तथा युवाओं की भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों को अपने निबंधों में शामिल किया। विद्यार्थियों ने अपने विचारों के माध्यम से यह संदेश दिया कि विकसित भारत का सपना केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें सामाजिक समानता, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, स्वच्छ पर्यावरण और प्रत्येक नागरिक के जीवन स्तर में सुधार भी शामिल है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी, नवाचार, कौशल विकास और जिम्मेदार नागरिकता अत्यंत आवश्यक है। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर बी.ए. तृतीय सेमेस्टर की छात्रा अमीषा रावत, द्वितीय स्थान पर बी.एससी. प्रथम सेमेस्टर के छात्र अमित कुमार, तृतीय स्थान पर संयुक्त रूप से बी.कॉम तृतीय सेमेस्टर की छात्रा लक्की एवं एम.एससी. तृतीय सेमेस्टर की छात्रा कनिका कुकरेती रहे। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. विक्रम, डॉ. पवनिका चंदोला शामिल रहे। प्रतियोगिता की संयोजक डॉ. गुंजन आर्य एवं डॉ. दीपिका रही।