जिला स्तरीय शरदकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता सम्पन्न, फुटबाल में पौड़ी और कोट का दबदबा

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय स्टेडियम कोटद्वार में आयोजित पांच दिवसीय जिला स्तरीय शरदकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में पौड़ी जनपद के 15 विकासखंडों से करीब 1400 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेलों में प्रतिभाग किया। अंतिम दिन फुटबाल के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों में उत्साह भर दिया।


अंडर-14 बालक वर्ग के फुटबाल फाइनल में दुगड्डा ने पौड़ी को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। अंडर-17 बालक वर्ग में कोट और पौड़ी के बीच मुकाबला निर्धारित समय तक 1-1 से बराबर रहा। ट्राई ब्रेकर में भी दोनों टीमें 5-5 गोल से बराबरी पर रहीं। इसके बाद सडन डेथ में कोट के सारांश ने निर्णायक गोल कर अपनी टीम को 7-6 से जीत दिलाई। अंडर-19 बालक वर्ग में पौड़ी और पाबौ के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। पाबौ के अक्षित नेगी ने पहला गोल दागा, जबकि पौड़ी के अर्जुन ने गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। मैच के अंतिम क्षणों में पौड़ी के आदित्य ने निर्णायक गोल कर अपनी टीम को चैंपियन बना दिया। अंडर-17 बालिका वर्ग में कोट ने दुगड्डा को 2-0 से हराकर चैंपियनशिप जीती। वहीं, अंडर-19 बालिका वर्ग का फाइनल पौड़ी और दुगड्डा के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक मुकाबला रोमांचक रहा और विजेता का फैसला ट्राई ब्रेकर से हुआ। इसमें पौड़ी ने दुगड्डा को 3-2 से हराकर खिताब अपने नाम किया। फुटबाल प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक राजकीय इंटर कॉलेज सीकू के सुरेंद्र सिंह रावत रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में चयनकर्ता बृजमोहन भंडारी, राजेश रावत, योगेंद्र पटवाल, जगमोहन बिष्ट और राकेश मोहन बलोधी समेत अन्य शिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर प्रधानाचार्य रमाकांत कुकरेती, मुकेश रावत, बलबीर सिंह नेगी और मनीष कोठियाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *