जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय इंटर कॉलेज, जयदेवपुर सिगड्डी की मेधावी छात्रा ज्योति ने उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की मेरिट सूची में 8वां स्थान प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। ज्योति ने 500 में से 480 अंक हासिल किए, जो उनकी मेहनत और लगन का प्रमाण है।
ज्योति की इस उपलब्धि की सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने गणित विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनकी इस सफलता पर विद्यालय में शिक्षकों द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया और मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य शोबेंद्र जोशी ने बताया कि इस वर्ष स्कूल का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। कुल 28 छात्र-छात्राओं में से 27 विद्यार्थी सफल रहे, जिनमें 13 ने प्रथम श्रेणी हासिल की। उन्होंने कहा कि विद्यालय में छात्रों के बेहतर भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गणित शिक्षक राजीव शर्मा ने बताया कि इस बार विद्यार्थियों ने गणित विषय में विशेष रूप से उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, जिसमें ज्योति का परिणाम सबसे प्रेरणादायक रहा।