काशीपुर किंग बनी उधम सिंह नगर प्रो टी-20 क्रिकेट लीग की चैंपियन

Spread the love

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर प्रो टी-20 क्रिकेट लीग में काशीपुर किंग चैंपियन बन गया है। फाइनल मुकाबले में काशीपुर ने गदरपुर थंडर को सात विकेट से हराया। विजेता और उपविजेता टीम को मुख्य अतिथि मिंडा कंपनी के एचआर पर्थ प्रतिम मिद्या, विशेष अतिथि क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के उपाध्यक्ष अजय पांडे, कोषाध्यक्ष मानस मेघवाल, बॉलीवुड एक्टर अहर्षदीप सिंह संधू ने ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
एमिनिटी खेल मैदान में फाइनल मुकाबले का शुभारंभ क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के उप सचिव नूर आलम ने किया। गदरपुर थंडर के कप्तान और रणजी खिलाड़ी युवराज चौधरी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। टीम ने 19.3 ओवरों में सभी विकेट खोकर 147 रन बनाए। कप्तान युवराज चौधरी ने 37 रन बनाए।
जवाब में काशीपुर किंग की टीम ने 18.4 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अवनीश सुधा ने 68 और युवराज बोरा ने 39 रनों की पारी खेली। गदरपुर थंडर की तरफ से देवेंद्र बोरा ने तीन विकेट लिए। प्लेयर ऑफ द मैच अवनीश सुधा रहे। टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी उत्तराखंड के रणजी खिलाड़ी युवराज चौधरी चुने गए। सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का खिताब देवेंदर बोरा को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *