Uncategorized

केएमवीएन कर्मचारी महासंघ ने किया प्रस्तावित बैठक के बहिष्कार का ऐलान

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

नैनीताल। कुमाऊं मंडल विकास निगम संयुक्त कर्मचारी महासंघ ने निगम प्रशासन व निदेशक मंडल के साथ बुधवार को प्रस्तावित बैठक के बहिष्कार का ऐलान किया है। महासंघ का कहना है कि निगम के टूरिस्ट रेस्ट हाउस (टीआरसी) को लीज पर देना कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा। निगम विरोधी हर प्रस्ताव का कर्मचारी संघ विरोध करेगा। निगम कर्मचारी महासंघ कि केंद्रीय कार्यकारिणी बैठक में इससे जुड़े हर पहलू व समस्याओं पर चर्चा के बाद निगम प्रशासन से वार्ता की जाएगी।
कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) के कुमाऊं में 45 टीआरसी हैं। जनवरी माह में निगम निदेशक मंडल की बैठक में निगम के कुछ टीआरसी को लीज पर देने का निर्णय लिया है। इससे मिलने वाली धनराशि का प्रयोग निगम के बाकी टीआरसी को अपग्रेट करने के साथ ही कर्मचारी हित में खर्च करने पर सहमति बनी है। पर बैठक में यह भी तय किया गया कि इस सहमति को अमली जामा पहनाने से पूर्व कर्मचारी महासंघ से रायशुमारी की जाएगी। निदेशक मंडल का कहना है कि निगम के आर्थिक हालात ठीक नहीं हैं। ऐसे में निगम के कुछ संसाधनों से आय अर्जित कर बाकी का आधुनिकीकरण व सौन्दर्यीकरण किए जाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। कुमिविनि कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष दिनेश गुरुरानी ने कहा कि महासंघ ने तय किया है कि निगम प्रशासन की दस फरवरी को होने वाली बैठक में महासंघ प्रतिभाग ही नहीं करेगा। महासंघ की केंद्रीय कार्यकारिणी व पदाधिकारियों की इसमें यही राय है। शीघ्र ही महासंघ बैठक कर आगे की रणनीति तय करेगा।
महासंघ केंद्रीय कार्यकारिणी बैठक 15 फरवरी को
निगम कर्मचारी महासंघ अध्यक्ष दिनेश गुरूरानी का कहना है कि महासंघ के विभिन्न जिलों के सभी अध्यक्ष महामंत्री, पदाधिकारी व केंद्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की 15 फरवरी को बैठक रखी है। जिसमें विभिन्न मुद्दों समेत कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा की जाएगी। इस बैठक में होने वाले निर्णय के बाद ही 16 फरवरी को निगम प्रशासन से वार्ता की जाएगी। उन्होंने कहा कि महासंघ निगम के किसी भी आवास गृह व ईकाई को निजी क्षेत्र में नहीं जाने देगा।
कर्मचारियों की मांगें
-वर्ष 2001 से 2008 तक के कर्मचारियों का नियमितीकरण
-संविदा कर्मचारियों की वेतन बढ़ोतरी की जाए
-चतुर्थ से तृतीय श्रेणी कर्मचारियों का विभागीय कोटा पूर्ण हो
-सेवानिवृत्त कर्मचारियों के देयको का भुगतान किया जाए
-बीस लाख की ग्रेच्युटी को शीघ्र लागू की जाए
-कोविड काल में काम करने वाले कर्मियों को भी 11 हजार की प्रोत्साहन राशि
पुराने पैसे की वसूली करे निगम: महासंघ अध्यक्ष गुरूरानी व महामंत्री गुमान सिंह कुमटिया, कर्मचारी महेश कांडपाल, दिनेश सांगुडी ने कहा है कि निगम को आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए ठोस रणनीति तैयार करे। निगम प्रशासन पहले पूर्व में निजी क्षेत्र में दिए उपक्रमों से बकाया वसूली करे। फिर आगामी लीज की पहल करे। निगम प्रशासन को निजी कर्मचारियों के माध्यम से निगम उपक्रमों के सदुपयोग की पहल करनी होगी। महासंघ भी इसमें पूर्ण सहयोग करगो। उन्होंने कर्मचारियों का आह्वान किया है कि निगम के कर्मचारी एकजुट होकर निगम हित में निगम प्रशासन व शासन पर दबाव बनाने के लिए तैयार रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!