-तिरुचिरापल्ली से सिंगापुर जा रही थी उड़ान, 179 यात्रियों समेत सभी 187 लोग सुरक्षित; मरम्मत के बाद आधी रात के करीब विमान ने फिर भरी उड़ान
चेन्नई,। तिरुचिरापल्ली से सिंगापुर जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक यात्री उड़ान में बीच आसमान में तकनीकी खराबी सामने आने के बाद चेन्नई हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग कराई गई। विमान में 179 यात्री और चालक दल के आठ सदस्यों समेत कुल 187 लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित रहे। तकनीकी खराबी दूर किए जाने के बाद विमान को दोबारा सिंगापुर के लिए रवाना कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान तिरुचिरापल्ली से सिंगापुर के लिए उड़ान भरने के बाद करीब 30 हजार फीट की ऊंचाई पर पहुंचा था। इसी दौरान पायलट को विमान में तकनीकी खराबी का पता चला। स्थिति को देखते हुए पायलट ने एहतियात के तौर पर चेन्नई हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग कराने का निर्णय लिया।
उस समय विमान चेन्नई के हवाई क्षेत्र के ऊपर उड़ रहा था। पायलट ने तत्काल चेन्नई हवाई अड्डे के नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर आपात लैंडिंग की अनुमति मांगी। हवाई अड्डा अधिकारियों ने तुरंत अनुमति दे दी और विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए।
इसके बाद विमान ने कल शाम करीब छह बजे चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के धावनमार्ग पर सुरक्षित आपात लैंडिंग की। विमान को धावनमार्ग से खींचकर हवाई अड्डे के विमान खड़े करने वाले क्षेत्र में ले जाया गया और वहां खड़ा कर दिया गया।
विमान के सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारकर प्रतीक्षालय में बैठाया गया। इसके बाद विमान की तकनीकी जांच के लिए अभियंताओं की एक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने विमान में आई तकनीकी खराबी की जांच कर आवश्यक मरम्मत का काम पूरा किया।
तकनीकी खराबी ठीक किए जाने और विमान को उड़ान के लिए सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान चेन्नई से सिंगापुर के लिए आधी रात के करीब रवाना हुई।
उड़ान के दौरान अचानक सामने आई तकनीकी समस्या के कारण विमान को चेन्नई में आपात लैंडिंग करानी पड़ी। समय रहते पायलट की ओर से उठाए गए कदम और हवाई अड्डा अधिकारियों की तत्परता से किसी बड़े हादसे को टाल दिया गया। विमान में सवार सभी 187 लोग सुरक्षित हैं।