गोंदिया (महाराष्ट्र), महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में गोंदिया-बालाघाट राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। नागरा-मोहरनटोली के पास तेज रफ्तार ट्रक और मजदूरों को लेकर जा रही पिकअप गाड़ी के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई। हादसे में शामिल सभी लोग मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, पिकअप गाड़ी में सवार मजदूर सुबह के समय काम के सिलसिले में हैदराबाद जा रहे थे। इसी दौरान नागरा-मोहरनटोली के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार कई लोग अंदर फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और गोंदिया ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। छह लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि सात घायलों को तत्काल गोंदिया के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान आरुष मात्रे, किरण संतोष वैद्य, संतोष मात्रे, सुशीला मात्रे, रूपसेन सत्यकार और ज्योति सत्यकार के रूप में हुई है। बताया गया है कि सभी मृतक मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले थे।
हादसे में घायल भूमेश्वर मात्रे, संगीता मात्रे, राजेंद्र पंचाले, लक्ष्मी पंचाले, संतोष वैद्य, राकेश बाहे और पिकअप चालक संदीप बाहे का गोंदिया के केटीएस जिला सामान्य अस्पताल में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, इनमें से कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
घायलों का उपचार कर रहे चिकित्सक डॉ. मयूर कपगते ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका उपचार जारी है।
गोंदिया ग्रामीण पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस निरीक्षक वैभव पवार की देखरेख में मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और तेज रफ्तार ट्रक हादसे के लिए किस हद तक जिम्मेदार था।
हादसे में मृत सभी लोगों के मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले का निवासी होने की जानकारी सामने आने के बाद उनके परिवारों में मातम पसरा है। काम की तलाश में हैदराबाद जा रहे मजदूरों के लिए यह सफर जानलेवा साबित हुआ। पुलिस हादसे की विस्तृत जांच के साथ मृतकों और घायलों से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटा रही है।