कोरोना काल से बंद हिमगिरि एक्सप्रेस बस सेवा बहाल करने की मांग तेज

जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : पर्यटन नगरी लैंसडौन से कर्णप्रयाग के बीच कोरोना काल से बंद पड़ी हिमगिरि एक्सप्रेस बस सेवा को दोबारा शुरू करने की मांग तेज हो गई है। पूर्व में यह बस सुबह 5 बजे लैंसडौन से कर्णप्रयाग के लिए रवाना होती थी और शाम को वापस लौटती थी।


व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, नगर कांग्रेस अध्यक्ष रोशन शाह एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष गंभीर सिंह रावत ने बस सेवा को पुन: शुरू करने की मांग उठाई है। व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि हम कोई नई बस सेवा शुरू करने की मांग नहीं कर रहे हैं, बल्कि जो हिमगिरि एक्सप्रेस बस पहले से संचालित होती थी, उसे ही दोबारा शुरू करने की बात कर रहे हैं। कोरोना काल से इसका संचालन बंद होने के कारण क्षेत्र के लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष गंभीर सिंह रावत ने कहा कि लैंसडौन गढ़वाल राइफल्स का रेजिमेंटल सेंटर भी है। बस सेवा बंद होने से सैनिकों, उनके परिजनों, विद्यार्थियों, पौड़ी, सतपुली और श्रीनगर जाने वाले यात्रियों को आवागमन में काफी असुविधा हो रही है। उन्होंने जनहित में इस बस सेवा को जल्द बहाल करने की आवश्यकता जताई। इस संबंध में जीएमओ अध्यक्ष गजे सिंह को ज्ञापन सौपा गया है। उन्होंने हिमगिरि एक्सप्रेस बस सेवा के पुन: संचालन के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया। क्षेत्रवासियों ने भी मांग की है कि वर्षों से बंद पड़ी इस पुरानी बस सेवा को जल्द शुरू कर आम जनता और सैनिकों को राहत दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *