कोटद्वार महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव का मुकाबला त्रिकोणीय

Spread the love

नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी, कोषाध्यक्ष पद पर मीनाक्षी निर्विरोध
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में छात्रसंघ चुनाव को लेकर शनिवार को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी गई। निर्धारित समय तक किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया। इसके चलते विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद को छोड़कर अन्य सभी प्रमुख पदों पर त्रिकोणीय मुकाबला तय हो गया है। वहीं, कोषाध्यक्ष पद पर एकमात्र नामांकन करने वाली मीनाक्षी का निर्विरोध निर्वाचन हो गया है।


महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव के लिए 29 सितंबर को मतदान होना है। दो दिन पूर्व नामांकन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद शनिवार को नाम वापसी की प्रक्रिया निर्धारित थी। हालांकि, समय सीमा समाप्त होने तक किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन वापस नहीं लिया। अंतिम सूची के अनुसार अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और सहसचिव पद पर तीन-तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर दो प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा। कोषाध्यक्ष पद पर मीनाक्षी के निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद इस पद पर चुनाव की स्थिति नहीं रही। चुनाव को लेकर प्रत्याशियों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। प्रत्याशी छात्र-छात्राओं से संपर्क कर अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं। इसके साथ ही महाविद्यालय परिसर में छात्र राजनीति से जुड़ी गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। अब सभी की निगाहें 29 सितंबर को होने वाले मतदान पर टिकी हैं। मतदान के बाद इसी दिन मतगणना की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद छात्रसंघ के विभिन्न पदों पर निर्वाचित प्रत्याशियों के नाम स्पष्ट हो जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *