सेवा संकल्प अभियान में विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त उत्तराखंड का संकल्प

Spread the love

विद्यार्थियों ने विकसित भारत-2047 के निर्माण को लेकर तैयार किया रोडमैप
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पब्लिक इंटर कॉलेज सुरखेत में सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने सेवा संकल्प की शपथ लेने के साथ ही विकसित भारत के निर्माण को लेकर अपना रोडमैप तैयार किया।


विद्यालय के प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह नेगी ने बताया कि विद्यालयी शिक्षा विभाग के तत्वावधान में प्रदेशभर की शिक्षण संस्थाओं में सेवा, शिक्षा, संस्कृति, खेल और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता विकसित करना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, फिटनेस, खेल भावना और नशामुक्ति जैसे विषयों को अभियान में प्रमुखता दी जा रही है। विद्यार्थियों को विकसित भारत के संकल्प से जोड़कर उन्हें अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम में शिक्षक संजय कुमार ने विद्यार्थियों को सेवा संकल्प की शपथ दिलाई। उन्होंने छात्र-छात्राओं से नशामुक्त एवं संस्कारयुक्त उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। शिक्षक नीरज कुमार रमोला और प्रकाश कैंथोला ने विद्यार्थियों को प्राणायाम और सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया। इसके अलावा सीनियर वर्ग में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण, सेवा भावना और विकसित भारत के विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह नेगी ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *