सीओ ने दिए लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

जयन्त प्रतिनिधि ।
कोटद्वार : पुलिस क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता ममगाईं ने गुरुवार को धुमाकोट थाने का अद्र्धवार्षिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने थाने में साफ-सफाई और अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।


निरीक्षण के दौरान सीओ ने थाना कार्यालय में रखे अभिलेखों के साथ शस्त्रागार, मालखाना, बैरक, मेस, हवालात, कम्प्यूटर कक्ष, सीसीटीएनएस, सीसीटीवी कैमरों और कम्प्यूटर उपकरणों का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से शस्त्रों और कारतूसों के संबंध में जानकारी ली तथा शस्त्रों की हैंडलिंग भी कराई। क्षेत्राधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पुलिसकर्मियों का अनुशासन एवं टर्नआउट उच्च स्तर का बनाए रखने, बैरकों और आवासीय परिसर में साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा सरकारी संपत्ति का उचित रख-रखाव करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना कार्यालय के अभिलेखों को अद्यावधिक रखने और उच्चाधिकारियों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को भी कहा। निरीक्षण के बाद थाना परिसर में पुलिस कर्मियों का सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें सीओ ने पुलिस कर्मियों की समस्याएं सुनीं और उनके समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने पुलिस कार्यप्रणाली में अनुशासन, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *