जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, फील्ड ट्रेनरों को दिया प्रशिक्षण

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण शुरू हो गया है। गुरुवार को नगर निगम के प्रेक्षागृह में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में देहरादून से पहुंचे विशेषज्ञों ने फील्ड ट्रेनरों को जनगणना की प्रक्रिया, सावधानियों और निर्धारित नियमों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना में प्रत्येक परिवार को शामिल करने पर विशेष जोर दिया गया।


प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर कमल कर्नाटक ने जनगणना की कार्यप्रणाली और समय-सारणी की जानकारी देते हुए बताया कि सर्वेक्षण के दौरान किसी भी परिवार को छूटने नहीं देना है। उन्होंने निर्धारित प्रपत्र में शामिल 40 प्रश्नों के बारे में विस्तार से समझाया और परिवारों से सही तरीके से जानकारी प्राप्त करने के तरीके बताए। साथ ही जनगणना से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि जनगणना के लिए परिवारों को सामान्य परिवार, संस्थागत परिवार और बेघर परिवार की श्रेणियों में विभाजित किया गया है। इसी वर्गीकरण के आधार पर जनगणना की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने फील्ड ट्रेनरों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूरी सावधानी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि जनगणना के आंकड़े सटीक रहें। मास्टर ट्रेनर राकेश पोखरियाल ने बताया कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में कोटद्वार, यमकेश्वर, द्वारीखाल, चौबट्टाखाल, सतपुली, जाखणीधार और धुमाकोट तहसीलों से संबंधित फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद फील्ड ट्रेनर अगले चरण में सुपरवाइजरों और प्रगणकों को जनगणना की प्रक्रिया का प्रशिक्षण देंगे। इस मौके पर मास्टर ट्रेनर डॉ. गुंजन आरोही और शिवकुमार सहित अन्य संबंधित कार्मिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *