कोटद्वार-पौड़ी

कोटद्वार में हाथिनी की संदिग्ध मौत, वन विभाग में हड़कंप

Spread the love
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। लैंसडौन वन प्रभाग के मुख्यालय एवं कोटद्वार रेंज से कुछ ही दूरी पर एक हाथिनी का शव बरामद हुआ है। हथिनी का शव मिलने से वन विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। वन विभाग की टीम ने हाथिनी के शव को कब्जे में ले लिया है। गुरूवार को हाथिनी के शव का पोस्टमार्टम कराया जायेगा। हाथिनी की मौत पर वन विभाग मौन है और कहा कि मौत का कारण के बारे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
लैंसडौन के प्रभागीय वनाधिकारी के अनुसार लैंसडौन वन प्रभाग के कोटद्वार रेंज की पनियाली कक्ष संख्या एक में वन कर्मी बुधवार सुबह गश्त कर रहे थे। इसी दौरान कर्मियों को एक हथिनी का शव दिखाई दिया। कर्मचारियों ने घटना की सूचना विभागीय अधिकारियों को दी। सूचना पर अधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। लैंसडौन वन प्रभाग के डीएफओ संतराम ने बताया कि हाथिनी के शव का कब्जे में ले लिया है। गुरूवार को डॉक्टरों की टीम से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को दफना दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि हाथिनी की उम्र 10 से 12 वर्ष प्रतीत हो रही है। मृत्यु के कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। कोटद्वार रेंज की पनियाली कक्ष संख्या एक के ऊपर से विष्णुप्रयाग मुज्जफरनगर पॉवर ट्रांसमिशन की लाईन जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि इस लाइन की चपेट में आने से हथिनी की मौत हुई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!