कोटद्वार-पौड़ी

कोटद्वार से दिल्ली के लिए शुरू हुई रोडवेज बस सेवा, 110 लोगों ने की यात्रा 

Spread the love
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। उत्तराखण्ड परिवहन निगम के सबसे महत्वपूर्ण कोटद्वार डिपो से दिल्ली मार्ग पर बसों का संचालन शुरू हो गया है। बुधवार को आठ बसों से 110 यात्रियों ने सफर किया। सबसे अधिक एक बस में 28 और सबसे कम एक बस में तीन यात्रियों ने यात्रा की। यात्रियों का कहना है कि दिल्ली के लिए बस सेवा शुरू होने से बहुत राहत मिली है। बसों का संचालन न होने से निजी वाहनों को बुक करवाकर जाना पड़ रहा था। जिस कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था।
शासन से अन्तर्राज्यीय परिवहन की अनुमति और मुख्यालय से आदेश प्राप्त होने के बाद डिपो प्रशासन ने दिल्ली मार्ग पर बसों का संचालन शुरू कर दिया है। पहले दिन दोपहर तीन बजे तक सात बसों से लगभग 110 यात्रियों ने दिल्ली के लिए सफर किया। हालांकि अभी बसों में यात्रियों की संख्या काफी कम है। जबकि सामान्य दिनों में कोटद्वार से दिल्ली के लिए प्रतिदिन सैकड़ों यात्री सफर करते थे। सामान्य दिनों में कोटद्वार रोड़वेज से दिल्ली के लिए 22 बसों का संचालन किया जाता है। जबकि त्योहार के सीजन में करीब 28 से 30 बसों का संचालन करना पड़ता है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश की रोडवेज बसों का संचालन भी होता है। इसके बावजूद भी डिपो में यात्रियों की भीड़ लगी रहती है। कोटद्वार रोडवेज डिपो के एआरएम टीकाराम आदित्य ने बताया कि बुधवार से दिल्ली मार्ग पर बस सेवा शुरू कर दी है। सुबह पांच बजे वाली बस में तीन, साढ़े सात वाली बस में 20, साढ़े नौ वाली बस में 15, 11 बजे वाली बस में 14, 12 बजे वाली बस में 28, 1 बजे वाली बस में 14, डेढ़ बजे वाली बस में 11 और ढाई बजे वाली बस में पांच लोग दिल्ली गये। जबकि यात्री न होने की वजह से पौड़ी-दिल्ली बस सेवा का संचालन नहीं हो पाया। उन्होंने बताया कि वाहन 100 फीसदी सीट क्षमता के साथ बस चलेंगी। अब से वाहन पूर्व से तय सामान्य किराया ही लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि बिना मास्क पहने बस में चढ़ने की अनुमति नहीं होगी। हर वाहन के ड्राइवर, कंडक्टर और यात्री के लिए मास्क पहनना अनिवार्य होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!