योग क्विज प्रतियोगिता में कुमकुम व आराध्या रही अव्वल

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जानकीनगर स्थित रितेश शर्मा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में योग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान क्विज प्रतियोगिता में कुमकुम व आराध्या ने अव्वल स्थान प्राप्त किया।
जानकीनगर स्थित रितेश शर्मा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विभिन्न योग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग और प्राणायाम के विभिन्न आसनों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य मनोज कुकरेती, महेंद्र गौड़ एवं कार्यक्रम अधिकारी भूपेंद्र सिंह रावत ने संयुक्त रूप से किया। विद्यालय के मीडिया प्रभारी आचार्य रोहित बलोदी ने जानकारी देते हुए बताया कि योग प्रशिक्षक योगेश नेगी के निर्देशन में विद्यार्थियों को ताड़ासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन सहित अनुलोम-विलोम और कपालभाति जैसे प्राणायामों का अभ्यास कराया गया तथा योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। आयोजित ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सीनियर वर्ग में कुमकुम रावत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि श्रेया थपलियाल द्वितीय और पीयूष रावत तृतीय स्थान पर रहे। जूनियर वर्ग में आराध्या बिष्ट ने प्रथम, रिद्धयांशा ने द्वितीय तथा रूद्रांक्ष ने तृतीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर योगमय वातावरण में सराबोर रहा और विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास में भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *