जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण की बिगड़ती व्यवस्था को लेकर पार्षदों ने नाराजगी जताते हुए जल्द प्रभावी समाधान की मांग की है। पार्षदों ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए शहर में ठोस और आधुनिक कूड़ा निस्तारण प्रणाली विकसित किया जाना आवश्यक है, अन्यथा आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
पार्षद विपिन डोबरियाल और हिमांशु वर्मा के नेतृत्व में वार्डवासी तहसील परिसर पहुंचे और उपजिलाधिकारी संदीप कुमार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान में नगर निगम क्षेत्र का कूड़ा गाड़ीघाट स्थित खोह नदी किनारे ट्रेंचिंग ग्राउंड में डाला जा रहा है, जो न केवल नियमों के विपरीत है बल्कि पर्यावरण के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न कर रहा है। पार्षदों ने आरोप लगाया कि यह ट्रेंचिंग ग्राउंड आबादी के बीच स्थित होने के कारण नगरवासियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है और 40 वार्डों का बढ़ता कूड़ा यहां निस्तारित करना संभव नहीं है। उन्होंने सुझाव दिया कि नगर निगम क्षेत्र में शामिल पूर्व की चार न्याय पंचायतों में कूड़ा निस्तारण केंद्र स्थापित किए जाएं, जिससे विकेंद्रीकृत व्यवस्था के तहत कूड़े का बेहतर प्रबंधन हो सके। साथ ही उन्होंने मांग की कि कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को स्वच्छ भारत मिशन और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के अनुरूप विकसित किया जाए। इस मौके पर उर्मिला देवी, राम स्वरूप, आशा देवी और अतुल सहित अन्य वार्डवासी मौजूद रहे।