रोटरी क्लब का स्वर्ण जयंती समारोह धूमधाम से सम्पन्न, स्मारिका का हुआ विमोचन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रोटरी क्लब का 50वां स्वर्ण जयंती समारोह बलभद्रपुर स्थित एक रिसॉर्ट में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर क्लब की स्मारिका का विमोचन किया गया तथा पिछले पांच दशकों में सेवा कार्यों में योगदान देने वाले अध्यक्षों एवं मंडलाध्यक्षों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंडलाध्यक्ष नितिन अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में इनरव्हील क्लब के सदस्यों द्वारा गणेश वंदना, वंदे मातरम् एवं स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। इसके बाद गढ़वाली लोकगीतों पर आधारित सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में समां बांध दिया। अपने संबोधन में मंडलाध्यक्ष नितिन अग्रवाल ने कहा कि रोटरी क्लब का मुख्य उद्देश्य समाज को जोड़ते हुए सेवा कार्यों के माध्यम से जनहित में योगदान देना है। उन्होंने कहा कि पिछले 50 वर्षों में क्लब ने समाजसेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किए हैं और भविष्य में भी यह कार्य निरंतर जारी रहेगा। क्लब अध्यक्ष ऋषि ऐरन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए क्लब के 50 वर्षों का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। इस दौरान क्लब के पूर्व अध्यक्षों, मंडलाध्यक्षों, चार्टर सदस्यों तथा ग्रुप स्टडी एक्सचेंज कार्यक्रम के तहत विदेश भेजे गए 17 प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में लैंसडौन विधायक दिलीप सिंह रावत, महापौर शैलेंद्र सिंह रावत, पूर्व मंडलाध्यक्ष मनीष शारदा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *