अल्मोड़ा। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच अल्मोड़ा जिले की जागेश्वर विधानसभा सीट से कांग्रेस के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक झटका सामने आया है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं पांच बार विधायक रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता गोविंद सिंह कुंजवाल के भतीजे दिनेश सिंह कुंजवाल ने कांग्रेस का साथ छोड़कर उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) की सदस्यता ग्रहण कर ली है।
अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर जैंती में आयोजित कार्यक्रम में दिनेश सिंह कुंजवाल ने बड़ी संख्या में समर्थकों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में उक्रांद का दामन थामा। उनके इस कदम को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जागेश्वर क्षेत्र की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।
कांग्रेस में प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी संभाली
दिनेश सिंह कुंजवाल वर्तमान में कांग्रेस में किसी संगठनात्मक पद पर नहीं थे, लेकिन इससे पहले वह पार्टी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वर्ष 2002 से 2007 तक उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता के रूप में कार्य किया। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान उन्हें दर्जा मंत्री की जिम्मेदारी भी मिली थी।