लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग निर्माण में देरी पर भड़की संघर्ष समिति

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग के निर्माण में हो रही देरी पर संघर्ष समिति ने आक्रोश जताया है। समिति का कहना है कि मोटर मार्ग निर्माण की घोषणा होने के बावजूद अब तक कार्य शुरू नहीं होना सरकार और विभाग की कार्य प्रणाली पर सवाल खड़े करता है। समिति ने जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर क्षेत्रीय जनता के साथ उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है। इस संबंध में समिति के पदाधिकारियों ने बुधवार को दुगड्डा स्थित लोक निर्माण विभाग के कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा।


पूर्व सैनिक रवींद्र सौंद के नेतृत्व में संघर्ष समिति के सदस्य लोक निर्माण विभाग कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने अधिकारियों से लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। समिति के पदाधिकारियों को बताया गया कि लालढांग-चिल्लरखाल के बीच पड़ने वाली दोनों नदियों पर कंक्रीट के रपटे बनाए जाने प्रस्तावित हैं। वहीं, 4.7 किलोमीटर लंबे टाइगर बफर जोन में इंटरलाकिंग टाइल्स की सड़क बनाई जाएगी। इसके अलावा लालढांग से चमरिया बैंड और चिल्लरखाल से सिगड़ी स्रोत तक हाटमिक्स ब्लैक टॉपिंग की योजना है। समिति के अनुसार, इन कार्यों का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, लेकिन अभी तक मोटर मार्ग निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत नहीं हुई है। इसके साथ ही निर्माण कार्य का कार्यादेश भी जारी नहीं किया गया है। ऐसे में मार्ग निर्माण शुरू होने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। समिति के सदस्यों ने कहा कि 26 वर्ष बीतने के बाद भी क्षेत्र की लाखों की आबादी को लालढांग, हरिद्वार, ऋषिकेश, एम्स और देहरादून जाने के लिए सुगम मार्ग की सुविधा नहीं मिल पाई है। क्षेत्रवासियों को आवागमन के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि मार्ग निर्माण में देरी का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। समिति ने प्रस्तावित सड़क की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। सदस्यों का कहना था कि प्रस्तावित मार्ग पर रात के समय आवाजाही नहीं हो सकेगी और मालवाहक वाहनों के संचालन पर भी प्रतिबंध रहेगा। ऐसे में मार्ग बनने के बाद भी क्षेत्रवासियों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाएगा। उन्होंने इसे क्षेत्र की जनता के हितों के विपरीत बताते हुए मार्ग निर्माण की योजना पर पुनर्विचार करने की मांग की। संघर्ष समिति ने लोक निर्माण विभाग और शासन से मांग की कि मोटर मार्ग निर्माण के लिए शीघ्र धनराशि स्वीकृत कर कार्यादेश जारी किया जाए। समिति का कहना है कि क्षेत्रीय जनता लंबे समय से इस मार्ग के निर्माण की मांग कर रही है। ऐसे में अब और देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर नरेश धस्माना, सीमा बिष्ट, गोवर्धन काला, कृपाल गुसाईं, बृजमोहन सिंह, ध्यान सिंह, लक्ष्मण सिंह गुसाईं और रविंद्र सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *