स्कूल में लंगूर ने शिक्षिका को काटा

Spread the love

पोखरी (चमोली)। प्राथमिक विद्यालय कांडई चंद्रशिला में तैनात सहायक अध्यापिका पर लंगूर ने हमला कर काट दिया। परिजन उन्हें उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग लेकर गए। उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
कांडई चंद्रशिला के ग्राम प्रधान भरत सिंह भंडारी ने बताया कि विद्यालय की सहायक शिक्षिका पूजा चौधरी सुबह विद्यालय पहुंचीं। इसी दौरान विद्यालय परिसर के आड़ू के पेड़ पर लंगूर बैठे थे। उनमें से एक लंगूर ने अचानक शिक्षिका पर हमला कर दिया। लंगूर ने शिक्षिका के बाल खींचकर उनके कंधे पर काट दिया। विद्यालय की दूसरी सहायक शिक्षिका, भोजन माता व बच्चों ने शोर मचाकर लंगूर को भगाया।
सूचना पर मौके पर पहुंचे शिक्षिका के पति बृजेंद्र चौधरी उन्हें उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग ले गए। बृजेंद्र चौधरी ने बताया कि चिकित्सकों ने उन्हें एंटी रैबीज का टीका लगाया। ग्राम प्रधान ने इस संबंध में केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग की नागनाथ रेंज के वनक्षेत्राधिकारी को पत्र लिखकर क्षेत्र में लंगूर व बंदरों के से निजात दिलाने की मांग की। वहीं वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसांई ने बताया कि सूचना पर कर्मचारियों को गांव में भेजा गया है। स्थिति का आकलन कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *