365 दिन रोजगार और मूल वेतन पर डीए देने की मांग, तहसील परिसर में किया प्रदर्शन
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : 365 दिन रोजगार और होमगार्ड की भांति मूल वेतन पर महंगाई भत्ता (डीए) दिए जाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवानों का धरना शुक्रवार को भी जारी रहा। जवानों ने प्रदेश सरकार से मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।

प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन के ब्लाक अध्यक्ष दिनेश कुमार और सलाहकार दर्शन सिंह के नेतृत्व में पीआरडी जवान तहसील परिसर में एकत्र हुए। यहां उन्होंने मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर धरना दिया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि विभिन्न विभागों में तैनात पीआरडी जवान पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। न्यूनतम मानदेय में परिवार का भरण-पोषण करना भी चुनौतीपूर्ण हो गया है। उन्होंने कहा कि पीआरडी जवानों को भी वर्षभर रोजगार की गारंटी दी जानी चाहिए। साथ ही होमगार्ड की भांति मूल वेतन पर महंगाई भत्ता दिया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके। जवानों ने प्रदेश सरकार से उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगों की अनदेखी होने पर आंदोलन जारी रखा जाएगा। इस मौके पर हरीश चंद्र, सुनील कुमार, पपेंद्र कुमार, कुलदीप कुमार, विजय पंत, विरेंद्र प्रसाद, मनोज भट्ट, राकेश सिंह, रवि कुमार, जितेंद्र गुप्ता, राकेश जुयाल और पंकज कुमार आदि मौजूद रहे।