श्रीनगर गढ़वाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी की ओर से विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं बैठकों का आयोजन किया गया। इस दौरान सांसद अनिल बलूनी और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ संवाद कर संगठन को अधिक सशक्त, सक्रिय और गतिशील बनाने पर मंथन किया। भाजपा कार्यालय में आयोजित शक्ति केंद्र बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम से पूर्व अक्षितेश नैथानी एवं प्रदीप राणा ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। बैठक में वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गिरीश पैन्यूली, मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल, दिनेश पटवाल, प्रकाश सती, सूर्य प्रकाश, आशा उपाध्याय, प्रमिला भंडारी और ललित नेगी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं अदिति वेडिंग प्वाइंट में आयोजित जिला कोर कमेटी की बैठक में सांसद अनिल बलूनी, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत ने संगठन की आगामी कार्ययोजना एवं विस्तार पर चर्चा की। बाद में आयोजित टिफिन बैठक में विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। (एजेंसी)