मलबा आने से दो हाईवे बंद, नैनीताल हाईवे एक घंटे बाद हुआ बहाल

Spread the love

कर्णप्रयाग। रात हुई भारी बारिश के कारण कर्णप्रयाग क्षेत्र में दो प्रमुख मार्ग बंद हो गए। स्थिति यह रही कि कर्णप्रयाग-नौटी मार्ग नौ घंटे बाद खुला जबकि कर्णप्रयाग-नैनीताल हाईवे एक घंटे में बहाल हो गया। कर्णप्रयाग-नौटी मार्ग बंद रहने के कारण ग्रामीणों को जसपुर-डुंग्री के रास्ते करीब 25 किमी का सफर अतिरिक्त तय कर गंतव्य तक पहुंचना पड़ा।
कर्णप्रयाग-नौटी मोटर मार्ग चौंडली में मलबा आने से सोमवार रात करीब दो बजे बंद हो गया था। ग्रामीणों ने बताया कि लोनिवि गौचर के कर्मचारियों ने जेसीबी की मदद से नौ घंटे बाद पूर्वाह्न करीब ग्यारह बजे सड़क खोली। इस दौरान नौटी, नैणी, नंदासैंण, पुनगांव और बिसोणा के ग्रामीणों को आदिबदरी-उज्ज्वलपुर मार्ग से आवाजाही करनी पड़ी जिससे उन्हें परेशानी हुई। नरेंद्र सिंह ने बताया कि इस मार्ग पर कई संवेदनशील स्थान हैं। लोनिवि गौचर से कई बार मार्ग दुरुस्त करने करने का आग्रह कर चुके हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं बारिश से कर्णप्रयाग-नैनीताल हाईवे भी सिमली के राड़खी गदेरे और पेट्रोल पंप पर मलबा आने से रात करीब तीन बजे बंद हो गया था। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग के अपर सहायक अभियंता प्रदीप नेगी ने बताया कि यह मार्ग सुबह चार बजे तक खोल दिया गया।
मंदिर की रोई, दीवार क्षतिग्रस्त
कर्णप्रयाग। रात हुई भारी बारिश से डिम्मर स्थित टटेश्वर महादेव मंदिर की रसोई और सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। महंत योगेशानंद ने नुकसान की पुष्टि की। ग्राम प्रधान विनीता डिमरी ने मरम्मत के लिए खंड विकास अधिकारी को पत्र देने की बात कही। अधिकारियों ने निरीक्षण कर जल्द निर्माण का आश्वासन दिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *